स्कूल की सदन में विशेष सत्र आयोजित कर मनाया वन महोत्सव
https://www.zeromilepress.com/2022/07/blog-post_8.html
नागपुर/सावनेर। स्थानीय अरविंद इंडो पब्लिक स्कूल हेती (सुरला), सावनेर में आज स्कूल की सदन में विशेष सत्र आयोजित कर वन महोत्सव मनाया गया। स्कूल के प्राचार्य राजेंद्र मिश्र तथा श्रीमती वंदना यादव के मार्गदर्शन में स्कूल के सभी विद्यार्थियों तथा स्कूली स्टॉफ ने कम से कम एक एक पेड़ लगाने और अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने की शपथ ग्रहण की। सभी विद्यार्थियों ने कहा कि वे अपने - अपने जन्मदिवस पर हर साल एक - एक पेड़ अवश्य लगाएंगे तथा उनकी देखभाल भी करेंगे।
आज के मुख्य अतिथि श्रीमान अशोक डवरे (सरपंच खापा ) तथा श्रीमान प्रमोद चाफेकर जी द्वारा पौधे लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। विद्यार्थियों ने वनमहोत्सव से संबंधित स्लोगंस लिखकर , रेखाचित्र और पीपीटी के माध्यम से लोगों को संदेश दिया कि वन हमारे जीवन के लिए कितने आवश्यक है।वनो का हमारे जीवन में कितना महत्व है। सुश्री परिणीता चौबे ने विद्यार्थियों को बताया कि 1 जुलाई से 7 जुलाई तक समाप्त होने वाले इस सप्ताह को पूरे राज्य में कृषि सप्ताह के रूप में मनाया जाता है।
महाराष्ट्र एक कृषि प्रधान राज्य है। कृषि दिन महाराष्ट्र के हरित क्रांति के जनक वसंतराव नाईक जी की स्मृति में प्रसिद्ध है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री वसंतराव नाईक जी को हरित क्रांति के जनक के रूप में जाना जाता है। उन्होंने किसानों को बहुमूल्य सेवाएं प्रदान की। अरविंद बाबू देशमुख प्रतिष्ठान के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. आशीष देशमुख ने स्कूल के उपक्रम की सराहना की एवं सभी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।