राष्ट्रीय महिला जागृति मंच, नागपुर शाखा द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
https://www.zeromilepress.com/2026/03/blog-post_4840.html
नागपुर। राष्ट्रीय महिला जागृति मंच की नागपुर शाखा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक विशेष ब्रेस्ट स्क्रीनिंग स्वास्थ्य शिविर का आयोजन निर्मल नर्सिंग होम, गुरुदेव नगर में किया गया। इस शिविर में कार्यक्रम की अध्यक्ष डॉ. पूजा सूर्यवंशी, डॉ. विशाखा भारती, माधुरी मते, सुशीला सैनी एवं रेखा चतुर्वेदी सहित मंच की बहनों का पुष्प देकर सम्मान किया गया।
‘सुदृढ़ जननी - सुदृढ़ नागपुर’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में डॉ. विशाखा भारती एवं उनकी टीम द्वारा लगभग 70 महिलाओं की ब्रेस्ट स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान उन्होंने सभी महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। साथ ही प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट जुंबा एवं प्राणायाम करने का महत्व भी बताया।
राष्ट्रीय महिला जागृति मंच की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष धारणा अवस्थी के नेतृत्व में यह शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। वर्षभर सक्रिय रूप से कार्य करने हेतु मोना पुरोहित का मोमेंटो देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में मंच की प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा पांडे, जिला मंत्री मोना पुरोहित, जिला मंत्री अनीता पुरोहित, आरती मिश्रा, संगीता पेंडारी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की। शिविर में महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया। मंच की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अंबिका शर्मा ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
