लायंस क्लब ऑफ नागपुर अमेज़ ने 22 सेवा गतिविधियों के साथ मनाया विश्व सेवा सप्ताह
कैंसर पीड़ित बच्चों को पोषण सहायता, 200 पौधों का रोपण और आदिवासी महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण
नागपुर। लायंस क्लब ऑफ नागपुर अमेज़ द्वारा 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक विश्व सेवा सप्ताह सेवाभाव और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण, युवा विकास, भूख एवं दृष्टि संबंधी समस्याओं और आपदा प्रबंधन से जुड़ी कुल 22 सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं।
सप्ताह का शुभारंभ शांति रैली से हुआ। स्कूली विद्यार्थियों के लिए सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट, नागपुर में उपचाररत 50 बच्चों को प्रोटीन पाउडर वितरित किया गया तथा छोटे बच्चों की सुविधा के लिए कुर्सियां उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत निर्मल नगरी में रक्तदान शिविर तथा निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए गए। अन्नामृत के सहयोग से एम्स, नागपुर में मरीजों के परिजनों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया। पर्यावरण संरक्षण के लिए बुटीबोरी में 200 पौधे लगाए गए।
SOS स्कूल, बेलतरोड़ी में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए साथियों के दबाव एवं तनाव प्रबंधन पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। इसका संचालन डॉ. मनोज सालपेकर ने किया। वहीं, आपदा प्रबंधन पर आयोजित बहु-जिला वेबिनार में नागपुर स्थित एनडीआरएफ अकादमी के निदेशक ब्रिगेडियर आर. सत्य नारायणन ने महत्वपूर्ण जानकारी दी।
महिला सशक्तीकरण के तहत 7 अक्टूबर को आयोजित कार्यशाला में गृहिणियों को नवजात शिशुओं एवं माताओं के लिए कपड़े और उपयोगी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। क्लब सदस्यों ने 20 आदिवासी महिलाओं के लिए प्रशिक्षण किट प्रायोजित कीं। प्रशिक्षित महिलाओं द्वारा तैयार वस्तुएं मेलघाट, हेमलकसा और गढ़चिरौली की आदिवासी महिलाओं को प्रदान की जाएंगी।
विश्व सेवा सप्ताह के दौरान क्लब की अध्यक्ष Ln. कीर्ति खेरडे, सचिव Ln. अश्विनी गिरिपुंजे एवं कोषाध्यक्ष Ln. उषा धोंबले ने विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की।
इन 22 गतिविधियों के माध्यम से लायंस क्लब ऑफ नागपुर अमेज़ ने मानवीय सेवा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और समाज के जरूरतमंद वर्गों के सशक्तीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
