थैलेसीमिया-सिकल सेल की दवाओं और ब्लड ट्रांसफ्यूजन सामग्री की कीमतें नियंत्रित हों : डॉ. विंकी रुघवानी



नागपुर। थैलेसीमिया एंड सिकल सेल सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ बालरोग विशेषज्ञ डॉ. विंकी रुघवानी ने मांग की है कि कैंसर की दवाओं की तर्ज पर थैलेसीमिया और सिकल सेल के उपचार में इस्तेमाल होने वाली जीवनरक्षक दवाओं तथा ब्लड ट्रांसफ्यूजन सामग्री की कीमतों पर भी उचित अधिकतम सीमा निर्धारित की जाए।


उन्होंने कहा कि इन बीमारियों से पीड़ित मरीजों को लंबे समय तक, कई बार जीवनभर उपचार की आवश्यकता होती है। थैलेसीमिया मेजर के मरीजों को नियमित रक्त चढ़वाने, आयरन की अधिकता दूर करने वाली दवाएं लेने और आवश्यक जांच कराने पर लगातार खर्च करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बड़ी चुनौती है।


डॉ. रुघवानी के अनुसार, भारत में अनुमानित 14 लाख सिकल सेल और 1.50 लाख थैलेसीमिया मेजर के मरीज हो सकते हैं। उन्होंने डिफेरासिरॉक्स, डिफेरिप्रोन, डिफेरॉक्सामाइन और हाइड्रॉक्सीयूरिया जैसी दवाओं के साथ ब्लड एडमिनिस्ट्रेशन सेट, ल्यूकोसाइट रिडक्शन फिल्टर तथा अन्य मेडिकल कंज्यूमेबल्स की कीमतों की समीक्षा करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि दवाओं और मेडिकल सामग्री की खरीद तथा मरीजों से वसूली जाने वाली कीमतों में पारदर्शिता जरूरी है, ताकि उपचार किफायती और लगातार उपलब्ध रह सके।


इस संबंध में डॉ. रुघवानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय को पत्र लिखकर राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA), स्वास्थ्य विशेषज्ञों, रक्त संक्रमण विशेषज्ञों और रोगी संगठनों की संयुक्त समिति गठित करने का अनुरोध कर रहे हैं। समिति दवाओं एवं मेडिकल सामग्री की उत्पादन, वितरण, खरीद और बिक्री कीमतों का अध्ययन कर उचित मूल्य सीमा तय करने पर विचार करे। उन्होंने कहा कि जीवनरक्षक उपचार किसी परिवार की आर्थिक स्थिति पर निर्भर नहीं होना चाहिए और प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए।


लोकप्रिय खबरें

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग

साहित्यिकी में छाई रहीं मुंशी प्रेमचंद की रचनाएं