मातोश्री एवं भाई की स्मृति में रामराव ढोक महाराज के निवास पर अखंड हरिनाम सप्ताह
वंडली (खुर्द) में धार्मिक आयोजन; गणमान्य व्यक्तियों का शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मान
नागपुर/वंडली (खुर्द)। तहसील काटोल, रामायणाचार्य ह.भ.प. श्री रामरावजी ढोक महाराज के निवास स्थान वंडली (खुर्द), तहसील काटोल में स्वर्गीय मातोश्री एवं भाई की स्मृति में 4 से 11 अक्टूबर 2026 तक अखंड हरिनाम सप्ताह, श्रीमद्भागवत कथा, ग्रंथराज ज्ञानेश्वरी पारायण एवं कीर्तन महोत्सव का आयोजन किया गया है।
स्वर्गीय मातोश्री एवं भाई के प्रति प्रेम, श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए महाराज प्रतिवर्ष इस धार्मिक सप्ताह का आयोजन करते हैं। इस दौरान पूजा-पाठ, पारायण, कथा वाचन, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, संस्कार और अध्यात्म का संदेश दिया जाता है।
रामायणाचार्य श्री रामराव ढोक महाराज रामायण कथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, माता-पिता के प्रति भक्ति, भाईचारे और नैतिक मूल्यों की शिक्षा समाज तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। उनका यह धार्मिक उपक्रम पारिवारिक रिश्तों के प्रति कृतज्ञता और आध्यात्मिक परंपराओं के महत्व को उजागर करता है।
गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान 9 अक्टूबर को नागपुर महानगरपालिका के प्रभाग क्रमांक 34 के नगरसेवक बाबाराव तायडे, पत्रकार दिवाकर मोहोड, समाजसेवी संजय सावरकर तथा सुनील कडवे को रामराव ढोक महाराज के हाथों शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भी महाराज को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। भक्ति, संस्कार और कृतज्ञता का संगम बना यह अखंड हरिनाम सप्ताह क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित कर रहा है तथा श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और प्रेरणा प्रदान कर रहा है।
