वानाडोंगरी में आज गूंजेगी हास्य, व्यंग्य और वीर रस की काव्यधारा



अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन में देशभर के ख्यातनाम कवि देंगे प्रस्तुतियां


नागपुर। वानाडोंगरी में काव्यप्रेमियों के लिए आज, बुधवार 14 अक्टूबर को अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। प्रगत ज्येष्ठ नागरिक मंडल के तत्वावधान में तथा फुलमाता दुर्गा उत्सव मंडल के सौजन्य से आयोजित इस सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से आए ख्यातनाम कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को हास्य, व्यंग्य, ओज, श्रृंगार और वीर रस से सराबोर करेंगे।


कार्यक्रम शाम 7 से रात 10 बजे तक शिवाजी पार्क, महाजनवाड़ी, हिंगणा रोड, वानाडोंगरी स्थित हनुमान मंदिर सभागृह में होगा। टीवी फेम राष्ट्रीय श्रृंगार रस कवयित्री मंजुश्री पुष्प कारमोरे के संयोजन में आयोजित इस सम्मेलन का संचालन सुपरिचित हास्य-व्यंग्य एवं ओज के सशक्त हस्ताक्षर सुदर्शन चक्रधर करेंगे।


कवि सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के ललितपुर से पंकज अंगार ओज एवं श्रृंगार रस की रचनाएं प्रस्तुत करेंगे, जबकि मध्य प्रदेश के पिपरिया-नर्मदापुरम से अरुण गड़वाल ‘जुगाड़ू’ अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। इंदौर के राष्ट्रीय वीर रस कवि हिमांशु हिन्द अपनी ओजस्वी कविताओं से राष्ट्रभावना का संचार करेंगे। वहीं, देवास के फिल्म गीतकार मनोज दुबे और नागपुर के गजलकार शादाब अंजुम भी अपनी काव्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को विशेष रंग देंगे।


आयोजकों को उम्मीद है कि विभिन्न काव्य विधाओं और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से सजा यह सम्मेलन श्रोताओं के लिए मनोरंजन के साथ साहित्यिक आनंद का भी यादगार अवसर बनेगा। आयोजकों ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त काव्यप्रेमियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस साहित्यिक आयोजन का आनंद लेने की अपील की है।


लोकप्रिय खबरें

डांगे महिला महाविद्यालय में उद्यमिता प्रकोष्ठ का शुभारंभ

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग

साहित्यिकी में छाई रहीं मुंशी प्रेमचंद की रचनाएं