राग और रंग के अंतर्गत ‘यमन को नमन-2’ में सुरों की सजी शाम



नागपुर। भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा और हिंदी-मराठी फिल्मी गीतों के मधुर संगम ने शहर के संगीतप्रेमियों को सुरमयी शाम का आनंद दिया। वैशु’ज़ म्युज़िकल वर्ल्ड की ओर से आयोजित रागों की श्रृंखला ‘राग और रंग’ के अंतर्गत ‘यमन को नमन-2’ कार्यक्रम में कल्याण थाट के राग यमन पर आधारित सदाबहार फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से हिंदी मोर भवन के उत्कर्ष हॉल का वातावरण संगीतमय हो उठा।


कार्यक्रम के प्रारंभ में वैशु’ज़ म्युज़िकल वर्ल्ड की निदेशिका वैशाली मदारे ने उपस्थित अतिथियों एवं कलाकारों का पुष्प स्वागत किया। इस अवसर पर भारत सरकार के वस्त्रोद्योग मंत्रालय से सेवानिवृत्त निदेशक एवं गीतकार सुरेंद्र मसराम का विशेष सम्मान किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत राज चौधरी ने ‘नव कल्पना नवरूप से’ गीत की प्रस्तुति से की। इसके पश्चात राहुल वानखेडे ने ‘तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो’ और ‘घर से निकलते ही’, शुभदा अनिल ने ‘कौशल्याचा राम’ और ‘एक प्यार का नगमा है’, सुरेंद्र मसराम ने ‘चंदन सा बदन’ और ‘इस मोड़ से जाते हैं’ गीतों से श्रोताओं को भावविभोर किया।


दिनेश कामतकर ने ‘आकाशी झेंप घे रे’ तथा ‘अभी ना जाओ छोड़ कर’ गीत प्रस्तुत किए। रेखा पेटारे ने ‘जा री बदरा बैरी जा’ और ‘आंसू भरी ये जीवन की राहें’ गाकर अपनी गायकी का परिचय दिया। विनोद दुबे ने ‘होंठों से छू लो तुम’ और मराठी गीत ‘तोच चंद्रमा नभात’ प्रस्तुत किए।


स्वाति मोहड़ीकर ने ‘मोह मोह के धागे’ और ‘आए हो मेरी जिंदगी में’, जबकि रत्नेश सोमकुवर ने ‘तेरे बिना जिया जाए ना’ और ‘सोचेंगे तुम्हें प्यार’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम की आयोजक एवं गायिका वैशाली मदारे ने ‘इन्हीं लोगों ने’ और ‘बीती ना बिताई रैना’ गीतों से समां बांधा। राज चौधरी के साथ उनकी युगल प्रस्तुतियां ‘शुक्र तारा मंद वारा’ तथा ‘तुम गगन के चंद्रमा हो’ श्रोताओं के लिए विशेष आकर्षण रहीं।


संगीत प्रस्तुतियों में कीबोर्ड पर मंगेश पटले, ढोलक पर संजय तथा ऑक्टोपैड पर विजय ने सुमधुर संगत दी। ध्वनि व्यवस्था की जिम्मेदारी दिलीप भाई ने संभाली, जबकि एपीएस के विनोद अग्रवाल ने स्ट्रीमिंग का उत्कृष्ट कार्य किया।


कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन दिनेश कामतकर ने किया। अंत में राज चौधरी ने उपस्थित दर्शकों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। राग यमन पर आधारित सदाबहार गीतों की इस संगीतमय प्रस्तुति ने संगीतप्रेमियों को पुरानी यादों, मधुर धुनों और सुरों की दुनिया में भावपूर्ण यात्रा कराई।


लोकप्रिय खबरें

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग

‘सूर संत्रा नगरीचा’ सीजन-5 का भव्य ग्रैंड फिनाले संपन्न

एम. जे. कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया ट्रैफिक जागरूकता अभियान