संजीवन नेचुरोपैथी केंद्र में राष्ट्रीय नेचुरोपैथी दिवस मनाया
तीन दिवसीय शिविर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग से नागरिकों को मिला स्वास्थ्य मार्गदर्शन
नागपुर। संजीवन सोशल-मेडिकल फाउंडेशन द्वारा संचालित संजीवन नेचुरोपैथी एवं योग केंद्र, आमगांव (देवली), हिंगना में 9वां राष्ट्रीय नेचुरोपैथी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर ‘नेचुरोपैथी – स्वस्थ भारत’ थीम के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय शिविर में नागरिकों ने उत्स्फूर्त सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. श्रीतेज नंदिस्कर ने किया। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर मार्गदर्शन करते हुए जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्यवर्धक आदतें अपनाने का आह्वान किया।
शिविर में एनिमा थैरेपी, मसाज, मड बाथ, स्टीम बाथ, जी.एच. पैक, किडनी पैक, ऑस्टियोपैथी, फिजियोथैरेपी, योग एवं ध्यान जैसी विभिन्न प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
केंद्र के संस्थापक डॉ. संजय उगेमुगे ने संस्था की चार वर्षों की सेवा यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 9,000 से अधिक लोगों ने केंद्र में उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया है। संस्था प्राकृतिक चिकित्सा एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
समापन समारोह की अध्यक्षता ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान के सचिव डॉ. राजू मिश्रा ने की। उन्होंने केंद्र की सेवाओं की सराहना करते हुए नागरिकों से योग एवं प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन डॉ. श्रीतेज नंदिस्कर के आभार प्रदर्शन से हुआ। आयोजन के माध्यम से प्रकृति के साथ सामंजस्य, स्वस्थ जीवनशैली एवं स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया।
