अंतरंग में सजा संस्कृति और परंपराओं का रंगारंग उत्सव



दीपावली एवं गुरु पर्व के उपलक्ष्य में गीत-संगीत, नृत्य और साहित्यिक गतिविधियों से सजी सांस्कृतिक संध्या


नागपुर। विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन के उपक्रम अंतरंग महिला चेतना मंच की मासिक कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत दीपावली एवं गुरु पर्व के उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय संस्कृति, परंपराओं और विभिन्न त्योहारों की विविधतापूर्ण छटा से सजा यह आयोजन उत्साह, उल्लास एवं आत्मीयता का सुंदर संगम रहा।



कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि समाजसेविका एवं विभिन्न संस्थाओं की अध्यक्ष मीना बेन ठक्कर का अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिह्न भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं संचालन मंच की संयोजिका शगुफ़्ता यास्मीन ने किया।



अपने उद्बोधन में मीना बेन ठक्कर ने कहा कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि संयम, कृतज्ञता, पारिवारिक समर्पण, प्रेम और भाईचारे का संदेश देने वाले पर्व हैं। अंतरंग के मंच पर भारतीय संस्कृति की अनमोल धरोहर ‘अनेकता में एकता’ के सजीव दर्शन हुए। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सभी सखियों को बधाई दी।



सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में सुषमा भांगे, संतोष बुद्धराजा, सुमन मेश्राम, पूर्णिमा बनर्जी, रजनी कौशिक, नंदिनी सुदामल्ला, शिवानी सिंह, वैशाली तडवेकर, विशाखा खंडेलवाल एवं अर्चना चौरसिया ने दीपावली गीत, शबद, भजन, प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन पर आधारित गीत, तुलसी गीत तथा मारवाड़ी, गुजराती सहित विभिन्न भाषाओं की प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय बना दिया।


वहीं अलका देशपांडे, सरिता लाकुड़कर, कोमल शर्मा, नंदा वज़ीर, अनीता गायकवाड, लक्ष्मी वर्मा, छवि चक्रवर्ती एवं रश्मि मिश्रा सहित अन्य सखियों ने मराठी, हिंदी एवं विभिन्न भाषाओं के गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।


छोटी दीपावली, गुरु पर्व, तुलसी विवाह एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसरों की स्मृति में उपस्थित सखियों को उपहार स्वरूप मिट्टी के दीपक भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से भारतीय परंपराओं के संरक्षण के साथ पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया।


कार्यक्रम में रेशम मदान ने आभार प्रदर्शन किया तथा जिगिशा शाह ने विशेष सहयोग प्रदान किया। आयोजन के समापन पर मंच की अभिनव पहल ‘चलती-फिरती लाइब्रेरी’ के अंतर्गत सखियों ने पुस्तकों का आदान-प्रदान किया। इस पहल के माध्यम से पठन-पाठन की रुचि विकसित करने के साथ साहित्यिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।


इस अवसर पर सुजाता दुबे, ममता परिहार, चारुशीला डोंगरे, सुमित्रा गजभिए, रुपाली शेन्डे, निशा जांगड़े, नीलिमा मस्के सहित अनेक सखियां उपस्थित थीं।


भारतीय संस्कृति की विविध रंगत, लोकपरंपराओं की मधुरिमा, गीत-संगीत, नृत्य और साहित्यिक सहभागिता से सजा यह आयोजन हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


लोकप्रिय खबरें

करवा चौथ उत्सव में महिलाओं ने बिखेरे रंग

‘सूर संत्रा नगरीचा’ सीजन-5 का भव्य ग्रैंड फिनाले संपन्न

एम. जे. कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया ट्रैफिक जागरूकता अभियान