हमने ग़म में जीना सीख लिया है
खुद पर रोना सीख लिया है,
जीवन का मतलब सीख लिया है।
हंसनें से क्या हासिल होगा?
हमने गम में जीना सीख लिया है।
हर ग़म की गाथा मुफलिसी में,
हर सुख का इलाज़ दिलगिरि में।
दुःख को जीवन का लेखा जोखा समझ,
उसके साथ रहना सीख लिया है।
ये करो वो मत करो
ऐसे रहो वैसे रहो,
ऐसी नसीहतों की धारा के संग,
हमने बहना सीख लिया है।
इससे मिलना उससे मिलाना,
किसको बुलाना और कहां जाना ,
आग कैसे लगे
सीख लिए हर हथकंडे,
अब हमने तनहा बसर करना सीख लिया है।
वर्षों से यही सब देख रहे हैं,
अब लोग कहते हैं हमें कि बदल गये हैं।
भूले हुये बटोही के साथ हमने चलना सीख लिया है ।
क्या पाया था, और क्या खो जायेगा,
क्या साथ में लेकर आया था क्या लेकर जायेगा?
दया धर्म मानवता का पाठ पढ़ना
हमने सीख लिया है।
- रामनारायण मिश्र
नागपुर, महाराष्ट्र
