माता-पिता एवं गुरु हमारे जीवन के मार्गदर्शक हैं : अलका बावकर



उभरते सितारे में ‘धन्यवाद! जीवन का’ विषय पर बच्चों की सुरमयी एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां


नागपुर। विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन के नवोदित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाले उपक्रम ‘उभरते सितारे’ के अंतर्गत हिंदी मोर भवन के उत्कर्ष हॉल में ‘धन्यवाद! जीवन का’ विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की गीत-संगीत, हास्य एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।



कार्यक्रम की विशेष अतिथि बीकेसीपी हाई स्कूल की सेवानिवृत्त संस्कृत शिक्षिका श्रीमती अलका बावकर ने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए जीवन में कृतज्ञता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बुद्धिमान व्यक्ति अपना समय कार्य और सकारात्मक गतिविधियों में व्यतीत करते हैं, जबकि आलस्य एवं बुरी संगत व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करती है। 



हमें ईश्वर, प्रकृति, सूर्य, चंद्रमा, पर्वत, वृक्ष और जलस्रोतों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ उनकी रक्षा का दायित्व भी निभाना चाहिए। माता-पिता एवं गुरु हमारे जीवन के मार्गदर्शक हैं। माता और मातृभूमि का स्थान स्वर्ग से भी श्रेष्ठ है तथा अच्छे कार्यों के माध्यम से उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जा सकती है।



अतिथि श्रीमती अलका बावकर का संयोजक युवराज चौधरी ने स्वागत वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान दिवस के अवसर पर प्रशांत शंभरकर द्वारा संविधान की उद्देशिका के सामूहिक वाचन से हुई।


इसके पश्चात अन्वेषा मुखर्जी, धन्विन कोकुडे, सुतिक्ष रामटेके, आदित्य मिंज, जिनीषा भोजवानी, त्रिशिका वाघमारे, जान्हवी तामगड़े एवं सीमा लूहा ने मनमोहक गीतों की प्रस्तुति दी। दर्शीत मोहिते ने स्टैंडअप कॉमेडी से श्रोताओं को खूब हंसाया, वहीं धन्विन कोकुडे ने शानदार कीबोर्ड वादन से कार्यक्रम में संगीत की मधुर छटा बिखेरी।


लोकप्रिय खबरें

‘सूर संत्रा नगरीचा’ सीजन-5 का भव्य ग्रैंड फिनाले संपन्न

एम. जे. कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया ट्रैफिक जागरूकता अभियान

मोको कहाँ ढूँढे…